सड़क की बदहाल स्थिति से राहगीर परेशान, बारिश में आवागमन हुआ मुश्किल कोहका-घुलघुल मार्ग जर्जर

तिल्दा-नेवरा : छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के विकासखंड तिल्दा नेवरा के समीपस्थ कोहका से घुलघुल जाने वाला मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के साथ मार्ग का एक छोटा पुल भी राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। बारिश के दौरान पुल और सड़क पर पानी जमा होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। इससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इस समस्या को लेकर यहां ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रहा है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को संभलकर गुजरना पड़ता है। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। वहीं छोटे पुल की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है। पुल से गुजरते समय वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ती है।
ज्ञात हो कि स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग आसपास के गांवों को जोड़ने के साथ ही रोजाना आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है। बड़ी संख्या में ग्रामीण इसी रास्ते से अपने कामकाज, बाजार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवाजाही करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण समय भी अधिक लग रहा है और वाहनों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से मार्ग का शीघ्र निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत कराने तथा छोटे पुल की आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना के घटित होने से इनकार नहीं किया जा सकता। राहगीरों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।



