Breaking : बहेसर तिल्दा-नेवरा में 3 एकड़ जमीन पर अवैध प्लॉटिंग का आरोप
पूर्व भाजपा युवा मोर्चा ग्रामीण अध्यक्ष बंशी यादव ने एसडीओ से की शिकायत, जांच और कार्रवाई की मांग

तिल्दा-नेवरा : छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के विकासखंड तिल्दा नेवरा के समीपस्थ ग्राम पंचायत बहेसर में करीब 3 एकड़ भूमि पर कथित रूप से अवैध प्लॉटिंग कर भूखंडों की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर पूर्व भाजपा युवा मोर्चा ग्रामीण अध्यक्ष बंशी यादव ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर पूरे मामले की जांच कराने तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब हो कि शिकायत के अनुसार, ग्राम पंचायत बहेसर स्थित खसरा नंबर 83 का कुल रकबा लगभग 3 एकड़ है। आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों द्वारा उक्त भूमि को छोटे-छोटे भूखंडों में विभाजित कर प्लॉटिंग की जा रही है और उन्हें बेचने का प्रयास किया जा रहा है। वही शिकायतकर्ता का कहना है कि संबंधित भूमि पर प्लॉटिंग एवं बिक्री के लिए आवश्यक वैधानिक अनुमति प्राप्त की गई है या नहीं, इसकी जांच किया जाना आवश्यक है।
बंशी यादव ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित खसरा नंबर के राजस्व अभिलेख, भूमि के स्वामित्व एवं दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ मौके का निरीक्षण कराया जाए। इसके अलावा प्लॉटिंग के लिए आवश्यक अनुमति, लेआउट एवं अन्य वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन हुआ है या नहीं, इसकी भी जांच की जाए।
ज्ञात हो कि शिकायतकर्ता ने यह भी मांग की है कि यदि जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन अथवा अनियमितता सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए और कथित अवैध प्लॉटिंग एवं भूखंडों की बिक्री पर आवश्यक रोक लगाई जाए। शिकायत में यह आशंका भी जताई गई है कि यदि मामले की समय रहते जांच नहीं की गई तो भविष्य में उक्त भूमि पर भूखंड खरीदने वाले लोगों को विवाद का सामना करना पड़ सकता है और उन्हें आर्थिक नुकसान होने की संभावना बन सकती है।
बता दे कि हालांकि, फिलहाल इस मामले में लगाए गए आरोपों की प्रशासनिक स्तर पर पुष्टि होना बाकी है। अब प्रशासनिक जांच और मौके के निरीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि खसरा नंबर 83 की भूमि पर की जा रही प्लॉटिंग के लिए आवश्यक अनुमति ली गई है या नहीं तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी वास्तविकता है।



