सरारीडीह तिल्दा के किशन और कृष्णा का राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में चयनजिला पंचायत सभापति स्वाति वर्मा ने दी बधाई

तिल्दा नेवरा : स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के अंतर्गत आयोजित 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय शालेय जूनियर वर्ग खो-खो प्रतियोगिता में ग्राम सरारीडीह के दो होनहार खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर गांव और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक रायगढ़ जिले में आयोजित की गई।
ग्राम सरारीडीह के आर.एस. योद्धा क्लब से जुड़े खिलाड़ी किशन साहू, पिता सोमित साहू तथा कृष्णा साहू, पिता चंद्रप्रकाश साहू (उपसरपंच) का राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ियों के चयन की खबर से सरारीडीह सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और परिजनों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

गौरतलब हो को दोनों खिलाड़ियों के चयन पर जिला पंचायत रायपुर की सभापति एवं भाजपा महिला मोर्चा रायपुर ग्रामीण की महामंत्री श्रीमती स्वाति वर्मा ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं का राज्य स्तर तक पहुंचना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। ऐसे खिलाड़ियों की उपलब्धियां न केवल उनके परिवार और गांव का नाम रोशन करती हैं, बल्कि क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं।
बता दे कि स्वाति वर्मा ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता विकसित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की है।

उन्होंने कहा कि सरारीडीह के किशन और कृष्णा का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता तक पहुंचना इस बात का उदाहरण है कि मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के बल पर ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों सहित सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना कीये।
ग्रामीण खेल प्रतिभाओं की इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में भी उत्साह का संचार हुआ है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि किशन साहू और कृष्णा साहू आने वाले समय में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सरारीडीह और तिल्दा नेवरा क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करेंगे।



