आदित्य विद्या मंदिर बैकुंठ में स्टेम रोबो हब वर्कशॉप: विद्यार्थियों ने सीखी रोबोटिक्स IoT, 3D प्रिंटिंग की बारीकियां

बैकुंठ / तिल्दा: स्थानीय शिक्षण संस्थान आदित्य विद्या मंदिर स्कूल, बैकुंठ में अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित एक दिवसीय ‘स्टेम रोबो हब वर्कशॉप’ का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को भविष्य की उभरती तकनीकों से रूबरू कराना और उन्हें व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था।

बता दे कि कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) तथा 3D प्रिंटिंग के तकनीकी पहलुओं की विस्तृत व प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) जानकारी दी गई। बच्चों ने न केवल आधुनिक तकनीकों के कार्यप्रणाली को समझा, बल्कि स्वयं रोबोट्स को संचालित कर उनका व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त किया। छात्रों में तकनीकी नवाचारों को लेकर भारी उत्साह देखा गया।
गौरतलब हो कि कार्यक्रम में मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथियों में तिल्दा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला वर्मा, जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि श्री महेंद्र साहू, स्थानीय सरपंच श्रीमती योगिता कृष्ण वर्मा तथा पंचगण विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यालय की इस आधुनिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में स्कूली स्तर पर ऐसी कार्यशालाएं बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की सोच विकसित करने में मील का पत्थर साबित होंगी।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर पवन कुमार साहू, प्राचार्य हरप्रीत कौर सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के ज्ञानवर्धक और तकनीकी आयोजनों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।



