7 अक्टूबर को तिल्दा-नेवरा में लगेगा सेवा सेतु शिविर, रानी सौरभ जैन ने आमजन से लाभ उठाने की अपील

तिल्दा-नेवरा : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आगामी 7 अक्टूबर 2026 को तिल्दा-नेवरा के शासकीय बद्रीनारायण बागड़िया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नेवरा में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का समय दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों से संबंधित जनकल्याणकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
वार्ड क्रमांक 21 मिशन वार्ड की पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा तिल्दा-नेवरा शहर मंडल की अध्यक्ष रानी सौरभ जैन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाएं।
ज्ञात हो कि रानी सौरभ जैन ने कहा कि सेवा सेतु शिविर आम नागरिकों के लिए एक उपयोगी पहल है। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों को अलग-अलग शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। इससे नागरिकों के समय और श्रम की बचत होगी तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं का यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जा सकेगा।
इन सेवाओं का मिलेगा लाभ
शिविर में आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, श्रम कार्ड, राशन कार्ड, किसान किताब, मनरेगा जॉब कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, लर्निंग लाइसेंस, वाहन नंबर प्लेट, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न प्रकार की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा विभिन्न पेंशन योजनाओं से संबंधित सत्यापन का कार्य भी किया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार संबंधित आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर शिविर में पहुंचे, ताकि आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सके और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सुविधा हो।
रानी सौरभ जैन ने कहा कि शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहजता से पहुंचाना ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य है। सेवा सेतु शिविर इसी भावना के साथ आमजन और शासन के बीच सुविधा का सेतु बनने का प्रयास है।
उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से शिविर में उपस्थित होकर उपलब्ध सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।



