
महिला पत्रकारों का सम्मान, सशक्तिकरण की नई पहल
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा – समाज निर्माण में महिला पत्रकारों की भूमिका अहम
रायपुर, 10 मार्च 2025 – मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने निवास में आयोजित “महतारी वंदन अभिनंदन” कार्यक्रम में महिला पत्रकारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ महिला पत्रकारों ने मीडिया में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और उनके समक्ष आने वाली चुनौतियों पर खुलकर चर्चा की।
महिला पत्रकारों ने कहा कि वे राजनीति, अपराध, खेल और अन्य क्षेत्रों में शानदार कार्य कर सकती हैं, बशर्ते उन्हें समान अवसर दिए जाएं। उन्होंने कामकाजी महिलाओं के लिए बनाए जा रहे छात्रावासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे महिलाएं दूर-दराज के क्षेत्रों में भी सुरक्षित रह सकेंगी, जिससे माता-पिता अपनी बेटियों के करियर को लेकर निश्चिंत हो पाएंगे।
पत्रकारों ने मुख्यमंत्री द्वारा सम्मान निधि ₹10,000 से बढ़ाकर ₹20,000 किए जाने के फैसले की सराहना की और इसे पत्रकार हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
सम्मान समारोह के दौरान महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री निवास में कार्यक्रम आयोजित होने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि यह सम्मान ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे किसी पिता ने अपनी बेटियों को स्नेहपूर्वक आमंत्रित किया हो। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश में पहली बार इस तरह का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसे महिला पत्रकारों के लिए ऐतिहासिक पहल बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महिलाएं समाज निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, और महिला पत्रकार अपनी लेखनी के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
इस अवसर पर महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के साथ लंच किया और खुशनुमा माहौल में तस्वीरें भी खिंचवाईं। मुख्यमंत्री श्री साय ने आश्वासन दिया कि भविष्य में महिला पत्रकारों के लिए नई योजनाएं लागू की जाएंगी और सरकार उनके सशक्तिकरण के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।