
तिल्दा नेवरा सोसाइटी में विधिवत रूप से धान खरीदी का जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ
तिल्दा नेवरा, रायपुर, 15 नवंबर 2025 : छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के विकासखंड व नगरपालिका निगम तिल्दा नेवरा की धान खरीदी सोसाइटी में आज छत्तीसगढ़ सरकार की संवेदनशील नीतियों और नवीन पहल के तहत धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रदेश में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सरकार द्वारा किसानों को समय पर समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खरीदी केंद्रों में व्यापक तैयारी की गई है। इन्हीं तैयारियों के अंतर्गत तिल्दा नेवरा सोसाइटी में धान खरीदी की शुरुआत एक औपचारिक कार्यक्रम के साथ की गई। जिसमें जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारी व बड़ी संख्या में किसान उपस्थित हुए।
गौरतलब हो कि कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से अध्यक्ष मानहारण वर्मा, सभापति नरसिंह वर्मा, देवव्रत शर्मा, सतीश निषाद, अमरजीत पासवान, मनोज निषाद, सौरभ जैन सहित दो पटवारी जिसमे अखिलेश भगाकर (तिल्दा) एवं श्री प्रसाद (नेवरा) उपस्थित रहे। साथ ही क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ व युवा कृषक गण भी इस शुभारंभ के साक्षी बने। इस दिन ही भारी मात्रा में किसानो ने धान का विक्रय किया।
बता दे कि इस अवसर अध्यक्ष मानहारण वर्मा ने उद्घाटन अवसर पर कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से किसानों की आर्थिक मजबूती सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी सोसाइटी में धान खरीदी को सुचारु और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। किसानों की सुविधा के लिए वजन, परिवहन, रजिस्ट्रेशन और सत्यापन की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है।
वही अगले वक्ता के रूप में सौरभ जैन ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं ने किसानों को नई दिशा दी है। धान खरीदी से लेकर भुगतान तक की पारदर्शी व्यवस्था ने किसानों का विश्वास बढ़ाया है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि और समय पर ही अपनी उपस्थिति दर्ज कराएँ। ताकि भीड़-भाड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने। तथा सोसायटी के नियमो व अनुशासन का पालन करते हुए धान विक्रय करे।
तिल्दा नेवरा सोसायटी के इस कार्यक्रम में मौजूद पटवारियों ने बताया कि खरीदी केंद्र में किसान पंजीयन, राशियों के सत्यापन और अन्य दस्तावेजीय प्रक्रियाओं की सतत निगरानी की जा रही है। जिससे किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। इसके अलावा किसानों की सहूलियत को देखते हुए अतिरिक्त स्टाफ भी तैनात किया गया है।

ज्ञात यह भी हो कि इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे, जिनमें तेज प्रताप वर्मा, नूर अहमद रिजवी, नरेंद्र साहू, भास्कर वर्मा, राजेंद्र वर्मा सहित अन्य कई कृषक शामिल थे। किसानों ने सरकार की खरीदी व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि समय पर खरीदी प्रारंभ होने से उन्हें अपनी फसल बेचने में आसानी होगी। भुगतान की समयबद्ध प्रक्रिया किसानों के आर्थिक चक्र को सुचारु रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। धान खरीदी केंद्र में सुरक्षा, व्यवस्था और पारदर्शिता को लेकर व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। केंद्र में किसानों के बैठने, पेयजल, मापतौल, फड़ प्रबंधन और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं, शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के तहत खरीदी की पूरी प्रक्रिया की निगरानी अधिकारीगण निरंतर करते रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में, सोसाइटी प्रबंधन ने किसानों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की परेशानी की स्थिति में वे सीधे सोसाइटी समिति या अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। सभी का लक्ष्य यही है कि यह खरीदी सीज़न किसानों के लिए सफल और सुगम साबित हो।





