
ब्रेकिंग : राज्यपाल तक पहुँची अडाणी समूह के खिलाफ गुहार फूटा कोडीनार का ग़ुस्सा
कोडीनार(गुजरात) , 20 अगस्त 2025 :
कोडीनार तालुका के वडनगर गाँव में पिछले चार दशकों से कार्यरत अंबुजा सीमेंट कंपनी को अडाणी ग्रुप द्वारा अधिग्रहण करने के बाद कंपनी के गुजराती कर्मचारियों समेत अधिकांश कर्मचारियों को राज्य के बाहर स्थित सीमेंट प्लांटों में सामूहिक रूप से स्थानांतरित कर दिया गया है। इसके पश्चात उन कर्मचारियों को बाहर की इकाइयों में उपस्थित होने के बाद भी झूठी अनुशासनात्मक कार्रवाई कर जबरन नौकरी छोड़ने पर मजबूर करने की साज़िश रचने का आरोप अडाणी ग्रुप पर लगाया गया है। इस संबंध में प्रभावित कर्मचारियों द्वारा गुजरात के राज्यपाल को संबोधित एक विस्तृत आवेदनपत्र कोडीनार के मामलतदार के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।आवेदनपत्र में उल्लेख किया गया है कि अंबुजा सीमेंट में वर्षों से कार्यरत विशेषकर वे स्थानीय युवक जिनके परिवारों ने कंपनी की स्थापना के समय अपनी ज़मीन देकर सहयोग किया था, उन्हें बदले में स्थानीय रोजगार का आश्वासन दिया गया था। लेकिन अब उन्हीं कर्मचारियों को परेशान कर बाहर के प्लांटों में ट्रांसफर कर दिया गया है और वहाँ भी गलत अनुशासनात्मक कार्रवाई कर उन्हें नौकरी छोड़ने पर मजबूर किया जा रहा है।
इस संबंध में कर्मचारियों ने बताया कि उनमें से कई कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति में केवल पाँच से आठ वर्ष ही शेष हैं। ऐसे में उनके सामने परिवार की जिम्मेदारियाँ, बच्चों की पढ़ाई, वृद्ध माता-पिता का भरण-पोषण, सामाजिक दायित्व और मकान ऋण जैसी आर्थिक ज़िम्मेदारियाँखड़ी हैं। ऐसे समय पर अडाणी समूह का प्रबंधन केवल अपने निजी स्वार्थ और हित के लिए उन्हें नौकरी छोड़ने के लिए विवश कर रहा है।आवेदनपत्र में कहा गया है कि सभी प्रभावित कर्मचारियों ने सामूहिक हस्ताक्षर कर एक बयान जारी किया है, जिसमें यूनिवर्सल डिक्लेरेशन ऑफ ह्यूमन राइट्स की धारा 1 से 30 के तहत कार्रवाई करने की माँग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि इस विषय में कोई ठोस परिणाम नहीं आता है, तो सभी कर्मचारी उग्र आंदोलन छेड़ने को बाध्य होंगे।

ज्ञात हो कि कर्मचारियों ने सरकार से यह भी माँग की है कि अडाणी समूह द्वारा किए गए इस अन्यायपूर्ण कृत्य पर रोक लगाई जाए और उन्हें पुनः सेवा पर उपस्थित कराया जाए।वही सरकार का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि जिस क्षेत्र में उद्योग स्थापित हो, वहाँ के 80% स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता दी जानी चाहिए। किंतु कोडीनार की अंबुजा सीमेंट कंपनी में अडाणी समूह के अधिग्रहण के बाद स्थानीय लोगों को रोजगार देना तो दूर, पिछले दो वर्षों से उन्हें अलग-अलग तरीकों से नौकरी से हटाया जा रहा है। इस कारण स्थानीय जनमानस की ओर से भी सरकार से आग्रह किया गया है कि इस मामले में गंभीरता से ध्यान देकर उचित कदम उठाए जाएँ।





