
आज भारी बारिश से नवरात्रि में सांस्कृतिक आयोजन स्थगित, आयोजकों के मंशुबो पर फिरा पानी
रायपुर, 24 सितंबर: समय और प्रकृति कभी भी करवट ले लेती है।
छत्तीसगढ़ में आज दिनभर हुई भारी बारिश ने शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर पानी फेर दिया। प्रदेश के गांव, कस्बों और शहरों में जगह-जगह माता की चौकी, जगराता, भजन संध्या, आर्केस्ट्रा और नृत्य-नाट्य प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया था, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण अधिकांश कार्यक्रम स्थगित या रद्द करने पड़े।

बता दे कि आयोजकों और श्रद्धालुओं दोनों के लिए यह निर्णय निराशाजनक रहा। जहां श्रद्धालु नवरात्रि पर भक्ति और मनोरंजन का आनंद लेने से वंचित रह गए, वहीं आयोजकों और कलाकारों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर हजारों रुपए एडवांस में बुकिंग की गई थी, जो अब आंशिक रूप से या पूरी तरह डूब गए। कुछ कलाकारों को तो कोई भुगतान नहीं मिल पाया।
ज्ञात हो कि कई आयोजन समितियों ने बताया कि उन्होंने मंच, साउंड सिस्टम, डेकोरेशन और आर्केस्ट्रा टीम की एडवांस बुकिंग पहले ही कर ली थी। बारिश के चलते कार्यक्रम स्थगित होने से न केवल आर्थिक नुकसान हुआ, बल्कि आगामी दिनों में पुनः आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति भी बन गई है।
इस पर स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम की परिस्थिति को देखते हुए सावधानी बरतें और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
अवगत हो कि इस वर्ष नवरात्रि पर हुई इस भारी बारिश ने जहां श्रद्धालुओं की भक्ति भावना को प्रभावित किया, वहीं आयोजन समितियों के लिए यह आर्थिक और प्रबंधन दोनों दृष्टि से एक चुनौती बन गई है।





