
सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत सरकार की बड़ी पहल: कोंडागांव जिले में लर्निंग लाइसेंस शिविरों का आयोजन
कोंडागांव :
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल की गई है। सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लर्निंग लाइसेंस शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर कार्यालय जिला परिवहन अधिकारी, कोंडागांव के तत्वावधान में आयोजित किए जाएंगे।
बता दे कि शासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह है कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में लर्निंग लाइसेंस बनवाने की सुविधा मिल सके, जिससे उन्हें जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही, अधिक से अधिक वाहन चालकों को वैध लाइसेंस के दायरे में लाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना भी इस योजना का प्रमुख लक्ष्य है।
सड़क सुरक्षा माह 2026 का उद्देश्य :
ज्ञात हो कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान शासन द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इनमें यातायात नियमों की जानकारी, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग पर जोर, नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील तथा वैध लाइसेंस के महत्व को समझाना शामिल है। लर्निंग लाइसेंस शिविर इसी कड़ी का एक अहम हिस्सा हैं, ताकि बिना लाइसेंस वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जा सके।
जाने ये है शिविर की तिथियां एवं स्थान
जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोंडागांव जिले में निम्नलिखित तिथियों एवं स्थानों पर लर्निंग लाइसेंस शिविर लगाए जाएंगे—
फरसगांव, जनपद पंचायत परिसर
12 जनवरी 2026 एवं 13 जनवरी 2026
विश्रामपुरी, जनपद पंचायत परिसर
16 जनवरी 2026
केशकाल, जनपद पंचायत परिसर
19 जनवरी 2026 एवं 20 जनवरी 2026
माकड़ी, जनपद पंचायत परिसर
21 जनवरी 2026
जिला परिवहन कार्यालय, कोंडागांव
22 जनवरी 2026 एवं 23 जनवरी 2026
इन शिविरों में संबंधित क्षेत्र के इच्छुक नागरिक निर्धारित तिथि को उपस्थित होकर लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया पूर्ण कर सकेंगे।
लर्निंग लाइसेंस हेतु आवश्यक दस्तावेज
लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदकों को निम्नलिखित दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा—
निवास प्रमाण पत्र
(आधार कार्ड / वोटर आईडी / पासपोर्ट में से कोई एक)
जन्मतिथि प्रमाण पत्र
(जन्म प्रमाण-पत्र / 10वीं कक्षा की अंकसूची / पासपोर्ट)
एक पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो
दस्तावेजों की जांच के उपरांत पात्र आवेदकों की लर्निंग लाइसेंस प्रक्रिया शिविर स्थल पर ही पूरी की जाएगी।
नागरिकों से अपील
जिला परिवहन अधिकारी ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं एवं नए वाहन चालकों से अनुरोध किया गया है कि वे बिना लाइसेंस वाहन न चलाएं और शासन द्वारा आयोजित इन शिविरों में उपस्थित होकर वैध लर्निंग लाइसेंस अवश्य बनवाएं।

सड़क सुरक्षा की दिशा में सार्थक कदम:
यह पहल न केवल प्रशासनिक सुविधा को बढ़ावा देगी, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी को भी मजबूत करेगी। शासन का मानना है कि जब प्रत्येक वाहन चालक प्रशिक्षित और लाइसेंसधारी होगा, तभी सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी रूप से कमी लाई जा सकेगी।
सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत आयोजित यह लर्निंग लाइसेंस शिविर कोंडागांव जिले के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे, जो सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।





