
BNB स्कूल नेवरा में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर रानी सौरभ जैन की अध्यक्षता में भव्य सामूहिक आयोजन
नेवरा-तिल्दा : छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के क्षेत्र विकासखंड तिल्दा नेवरा मे वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नेवरा क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना से ओतप्रोत भव्य आयोजन संपन्न हुआ। बद्रीनारायण बगड़िया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नेवरा के प्रांगण में सामूहिक वंदे मातरम गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवरा के कक्षा 9वीं एवं 11वीं के छात्र-छात्राओं सहित सेजस विद्यालय तथा बद्रीनारायण बगड़िया विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
गौरतलब हो कि कार्यक्रम का उद्देश्य वंदे मातरम जैसे राष्ट्रगीत के ऐतिहासिक महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा विद्यार्थियों में देशप्रेम, एकता और अनुशासन की भावना को मजबूत करना रहा। सामूहिक गायन के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों और स्वर लहरियों से गूंज उठा। छात्र-छात्राओं ने एक साथ स्वर मिलाकर वंदे मातरम का गायन किया, जिससे उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो उठा।
इस अवसर पर कार्यक्रम की एक विशेष आकर्षण छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई मानव श्रृंखला रही। विद्यार्थियों ने अनुशासित ढंग से मानव श्रृंखला बनाकर “वंदे मातरम” शब्द की आकृति निर्मित की, जो देशभक्ति का सजीव प्रतीक बनकर सामने आई। इस रचनात्मक प्रयास की उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती रानी सौरभ जैन, पार्षद वार्ड क्रमांक 21 उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और स्वतंत्रता संग्राम का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को भी सदैव स्मरण रखें।
विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री मनोज निषाद, भाजपा तिल्दा शहर मंडल अध्यक्ष ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
बता दे कि इस अवसर कार्यक्रम की अध्यक्षता बद्रीनारायण बगड़िया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेश चांदनी ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में वंदे मातरम के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह गीत हमें मातृभूमि के प्रति समर्पण और त्याग की प्रेरणा देता है। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवरा के प्राचार्य श्री वासुदेव साहू ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामूहिक कार्यक्रम छात्रों में अनुशासन, एकता और सहयोग की भावना विकसित करते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय समिति बीएनबी स्कूल के अध्यक्ष श्री नरेंद्र शर्मा, डॉ. एल.पी. साहू, श्रीमती अनीता सक्सेना, श्री आनंद शर्मा, श्री गणेश शर्मा सहित विद्यालय समिति के अन्य सदस्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की और ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजन के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने वंदे मातरम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। यह आयोजन नेवरा क्षेत्र में देशभक्ति की भावना को नई ऊर्जा देने वाला सिद्ध हुआ और लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।






