
तिल्दा में बालिका दिवस पर स्वाति वर्मा जि पं सदस्य एवं रानी सौरभ जैन की उपस्थिति मे हुआ भव्य आयोजन
रानी लक्ष्मीबाई, अहिल्याबाई जैसी मातृशक्तियों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता : रानी सौरभ जैन
तिल्दा-नेवरा /रायपुर : छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के एकीकृत बाल विकास परियोजना तिल्दा के तत्वावधान में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण के प्रति समाज को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में बालिकाओं की सहभागिता देखने को मिली।
बता दे कि इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला पंचायत सदस्य श्रीमती स्वाति वर्मा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष दुलारी सुरेन्द्र वर्मा, जनपद सदस्य गीतांजलि घृत्तलहरे, जनपद सदस्य सरोज मुकेश भारद्वाज, तिल्दा नगर पालिका की पार्षद रानी सौरभ जैन एवं पार्षद पारुल गौरव अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। वातावरण पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, आत्मविश्वास और प्रेरणा से परिपूर्ण रहा।इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती स्वाति वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज की बालिकाएं कल का भविष्य हैं। उन्होंने बालिकाओं से अपने स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर अध्ययन और अनुशासन के माध्यम से ही वे अपने जीवन में ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी बालिकाओं को समान अवसर देने की अपील की।
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका पार्षद रानी सौरभ जैन ने बालिकाओं को प्रेरणादायी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हमारे देश के इतिहास में रानी लक्ष्मीबाई, देवी अहिल्याबाई होलकर, जीजाबाई जैसी अनेक महान महिलाओं के उदाहरण मौजूद हैं, जिनसे आज की बालिकाएं प्रेरणा ले सकती हैं। इन मातृशक्तियों ने न केवल परिवार बल्कि पूरे राष्ट्र का नेतृत्व किया और इतिहास रचा।
पार्षद रानी सौरभ जैन ने कहा कि किसी भी बालिका को न तो किसी से तुलना करने की आवश्यकता है और न ही किसी से बराबरी करने की। हर बालिका को अपनी अलग पहचान, लक्ष्य और मंज़िल तय करनी चाहिए और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता उसी को मिलती है जो स्वयं पर विश्वास रखकर निरंतर प्रयास करता है।
इस अवसर कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 10वीं कक्षा में उत्तीर्ण बालिकाओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे बालिकाओं का उत्साहवर्धन हुआ और अन्य छात्राओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों की बालिकाओं को पोषण टोकरी प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
अवगत हो कि बालिका दिवस कार्यक्रम का सफल आयोजन परियोजना अधिकारी श्रीमती रंजना ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में पर्यवेक्षक कमलेश लकड़ा, पार्वती वर्मा, स्मिता परगनिहा, प्रियंका तिवारी, गंगोत्री वर्मा, अपराजिता सिंह, नीतू जायसवाल एवं श्री छोटेलाल नोर्गे सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
तिल्दा नेवरा रायपुर में आयोजित इस कार्यक्रम के अंत में बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ आयोजन का समापन किया गया। बालिका दिवस का यह आयोजन तिल्दा क्षेत्र में नारी सशक्तिकरण और बालिका सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।





