Chhattisgarh NewsCrime News

फर्जी डॉक्टर का ‘मौत क्लिनिक’, BMO बना ढाल

पत्थलगांव में ज़िंदगियों से हो रहा खिलवाड़, स्वास्थ्य विभाग बना तमाशबीन

पत्थलगांव : जशपुर ज़िले के पत्थलगांव से कुछ किलोमीटर दूर मिर्जापुर तमता गांव में वर्षों से सक्रिय एक फर्जी डॉक्टर का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। बिना किसी डिग्री, पंजीयन या चिकित्सा योग्यता के यह झोलाछाप डॉक्टर इलाज के नाम पर लोगों की ज़िंदगी से खिलवाड़ कर रहा है। गंभीर बात यह है कि हर रोग का एक ही इलाज — इंजेक्शन! इससे अब तक कई मरीज़ों की हालत गंभीर हो चुकी है, लेकिन स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह से मौन बना हुआ है।

गौरतलब हो कि वास्तविकता उजागर करने के लिए पत्रकारों की टीम ने मरीज़ बनकर उक्त डॉक्टर के पास जाकर स्टिंग ऑपरेशन किया। डॉक्टर ने इलाज के नाम पर 3000 रुपये वसूले और बिना किसी जांच या मेडिकल प्रक्रिया के सीधे इंजेक्शन लगा दिया। इस पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग, ऑडियो क्लिप और भुगतान के डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित किए गए और तत्काल पत्थलगांव के बीएमओ को सौंपे गए। जब BMO को इतने ठोस साक्ष्य सौंपे गए, तब यह उम्मीद की जा रही थी कि तत्काल कार्रवाई होगी क्लिनिक को सील किया जाएगा, झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ FIR दर्ज होगी और विभागीय सख्ती सामने आएगी। लेकिन बीएमओ की प्रतिक्रिया वही घिसी-पिटी सरकारी पंक्ति रही “जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

प्रश्न यह है कि जब साक्ष्य सामने हैं, वीडियो उपलब्ध हैं और अपराध स्पष्ट है, तो अब और किस जांच की आवश्यकता है। इस झोलाछाप डॉक्टर के पास मरीज़ों की भीड़ लगने का सबसे बड़ा कारण करमी टिकरा स्थित उपस्वास्थ्य केंद्र है, जो महीनों से बंद पड़ा है। जब ग्रामीण वहां इलाज के लिए पहुँचते हैं और उन्हें ताला लटका मिलता है, तो मजबूरी में वे इस फर्जी डॉक्टर के पास जाते हैं। यानी सरकारी स्वास्थ्य सेवा की अनुपलब्धता ने झोलाछाप डॉक्टरों के लिए ज़मीन तैयार कर दी है।

बता दे कि अब यह सवाल खुलकर सामने है कि जब सभी साक्ष्य बीएमओ को सौंपे जा चुके हैं, तब भी केवल “जांच” क्यों? क्या स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से यह फर्जीवाड़ा फल-फूल रहा है? या फिर BMO किसी दबाव में हैं? इस चुप्पी और निष्क्रियता ने जनता के मन में संदेह और आक्रोश दोनों पैदा कर दिए हैं।
वही स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और मीडिया सम्मान परिवार की ओर से प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि 72 घंटे के भीतर इन तीन मांगों पर कार्रवाई नहीं होती –

* झोलाछाप डॉक्टर पर FIR दर्ज की जाए,
* करमी टिकरा उपस्वास्थ्य केंद्र को पुनः चालू किया जाए,
* बीएमओ के विरुद्ध विभागीय जांच प्रारंभ की जाए

इस आंदोलन की शुरुआत बीएमओ कार्यालय के घेराव से की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर इसे जिला मुख्यालय से राजधानी तक ले जाया जायेगा। पत्थलगांव के मिर्जापुर तमता में घटित यह प्रकरण सिर्फ एक झोलाछाप डॉक्टर की कहानी नहीं है। यह पूरे स्वास्थ्य तंत्र की विफलता, प्रशासन की लापरवाही और जनता के साथ हो रहे छल का प्रतीक है। अब “जांच” का बहाना नहीं चलेगा- अब कार्रवाई चाहिए, जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।फर्जी डॉक्टर

cm24news

आप सभी का हमारे वेबसाइट पर हार्दिक स्वागत है आपको इस वेबसाइट पर छत्तीसगढ़ से जुड़े आवश्यक न्यूज़ एवं अपडेट देखने को मिलेंगे इस वेबसाइट में अलग-अलग वर्गों की रूचि का ख्याल रखते हुए हम खबरों का चयन करते हैं। समसामयिक खबरों के अलावे हम राजनीति, ब्यूरोक्रेसी, अपराध, बिजनेज, गैजेट, आध्यात्म, मनोरंजन, खेलकूद से जुड़ी खबरें आप तक पहुंचाते हैं। देश में कर्मचारी व शिक्षकों का एक बड़ा वर्ग है, उनसे जुडी खबरों को भी हम प्रमुखता की श्रेणी में रखते हैं। युवाओं को रोजगार संबंधी सूचना तत्काल मिले, इसे लेकर भी हमने अपनी वेबसाइट में जॉब/शिक्षा का एक अलग कॉलम रखा है, ताकि युवाओं को रोजगार संबंधी सूचनाएं मिल सके। ~ CM24News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles